धनबाद : जोड़ा फाटक स्थित पाटलीपुत्र अस्पताल ने आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के आर्थोपेडिक्स एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट विशेषज्ञ डॉ. निखिल ड्रोलिया ने अत्याधुनिक डायरेक्ट एंटीरियर अप्रोच (Direct Anterior Approach) तकनीक से सफल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी कर मरीज को नई जिंदगी देने का कार्य किया। अस्पताल के अनुसार, धनबाद में इस तकनीक से यह पहली सफल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी है।
जानकारी के अनुसार, चिरकुंडा निवासी 65 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल अजीज खान 22 जून को साइकिल दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में उनके कुल्हे की हड्डी टूट गई थी। जांच के बाद विशेषज्ञों ने हिप रिप्लेसमेंट की सलाह दी, जिसके बाद डॉ. निखिल ड्रोलिया और उनकी टीम ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सफल ऑपरेशन किया। वर्तमान में मरीज की स्थिति संतोषजनक है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।
डॉ. निखिल ड्रोलिया ने बताया कि डायरेक्ट एंटीरियर अप्रोच एक मिनिमली इनवेसिव (कम आक्रामक) तकनीक है, जिसमें प्रमुख मांसपेशियों को काटने की आवश्यकता नहीं पड़ती। इसके कारण ऑपरेशन के बाद दर्द कम होता है, मरीज जल्दी चलने-फिरने लगता है, अस्पताल में भर्ती रहने की अवधि कम होती है और हिप डिसलोकेशन का खतरा भी काफी घट जाता है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से मरीज अपेक्षाकृत कम समय में सामान्य जीवन में लौट सकते हैं और बैठने-उठने में भी अधिक सुविधा महसूस करते हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक इस तरह की अत्याधुनिक हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी के लिए धनबाद और आसपास के मरीजों को दिल्ली, मुंबई या कोलकाता जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे।
अस्पताल के डायरेक्टर सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निर्मल ड्रोलिया ने कहा कि पाटलीपुत्र अस्पताल आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और अनुभवी विशेषज्ञों के माध्यम से धनबाद सहित पूरे झारखंड के लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अस्पताल में नई तकनीकों को शामिल कर मरीजों को बेहतर और विश्वसनीय उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
















