धनबाद: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर धनबाद सदर अस्पताल परिसर स्थित एमटीसी बिल्डिंग में जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से परिवार कल्याण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। मेले का उद्देश्य परिवार नियोजन के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ, शिक्षित और समृद्ध परिवार की अवधारणा को मजबूत करना है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शारदा सिंह ने कहा कि परिवार नियोजन को सफल बनाने में सहिया और आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ये कार्यकर्ता हर मौसम में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करती हैं, इसलिए समाज तक सही संदेश पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद अहम है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की कमी और कम उम्र में विवाह के कारण परिवार नियोजन को लेकर कई चुनौतियां सामने आती हैं। हालांकि अब महिलाओं की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है, लेकिन पुरुषों को भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए परिवार नियोजन में बराबर की भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखने की सलाह देते हुए कहा कि इससे मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है और परिवार बच्चों को बेहतर शिक्षा व परवरिश दे सकता है।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त परिवार ही विकसित समाज और राष्ट्र की मजबूत नींव होते हैं। उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन का उद्देश्य केवल जनसंख्या नियंत्रण नहीं, बल्कि परिवार की आर्थिक मजबूती, बेहतर स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2025-26 में धनबाद जिले में 82 पुरुषों ने नसबंदी कराई, जबकि 4,825 महिलाओं की नसबंदी सफलतापूर्वक की गई। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकर्ताओं और सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। साथ ही उन्होंने पुरुषों से अपील की कि वे नसबंदी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करें और परिवार नियोजन में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
डॉ. विश्वकर्मा ने बताया कि परिवार कल्याण मेला 10 अगस्त तक जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में आयोजित किया जाएगा, जहां दंपत्तियों को परिवार नियोजन के सुरक्षित एवं आधुनिक विकल्पों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ‘छोटा परिवार, सुखी परिवार’ का संदेश दिया गया। साथ ही परिवार नियोजन के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर परिवार नियोजन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एमओआईसी एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया तथा परिवार नियोजन से संबंधित जागरूकता पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रोहित गौतम, डीपीएम प्रतिमा कुमारी, डीपीसी रेखा सिंह, वीबीडी सलाहकार रमेश कुमार सिंह, सभी प्रखंडों के एमओआईसी, सहिया, एएनएम एवं स्वास्थ्य विभाग के बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
















