बालेश्वर: ओडिशा के बालेश्वर जिले में शनिवार तड़के एटीएम चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। खैरा थाना क्षेत्र के तुड़ीगड़िया बाजार स्थित एक एटीएम कियोस्क को निशाना बनाते हुए पांच से अधिक बदमाश काले रंग की थार एसयूवी से पहुंचे और कुछ ही मिनटों में पूरी एटीएम मशीन उखाड़कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम कियोस्क का मुख्य गेट तोड़ा और उसके बाद पूरी मशीन को उखाड़कर थार वाहन की मदद से सड़क पर घसीटते हुए एक सुनसान स्थान तक ले गए। वहां उन्होंने एटीएम में रखी पूरी नकदी निकाल ली और मशीन को क्षतिग्रस्त हालत में बीच सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह वारदात सुनियोजित प्रतीत हो रही है।
फिलहाल एटीएम से कितनी नकदी लूटी गई, इसका आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। पुलिस बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर एटीएम में मौजूद नकदी का मिलान कर रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस विभिन्न पहलुओं पर छानबीन कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एटीएम कियोस्क की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
















