धनबाद : धनबाद के दामोदरपुर स्थित मेराटोल में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित 16 प्रहर अखंड हरि कीर्तन का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के आरंभ होते ही पूरा क्षेत्र भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु बड़ी संख्या में कीर्तन में शामिल होकर भगवान के नाम-स्मरण में लीन नजर आए।
अनुष्ठान की शुरुआत पुजारी श्यामल गोस्वामी ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद अखंड हरि कीर्तन का संकल्प लिया गया। पहले दिन प्रसिद्ध कीर्तनिया रिंकू भंडारी के नेतृत्व में ‘नित्यानंद मिलन’ पाला कीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भक्ति-रस में डुबो दिया। वहीं दूसरे दिन रासलीला पाला कीर्तन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का संगीतमय मंचन किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान “हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे… हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे…” के महामंत्रों से वातावरण गूंजता रहा। झांझ, मंजीरा और मृदंग की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भजन-कीर्तन में मग्न होकर नृत्य करते दिखाई दिए। पूरे क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।
दीन दुखी आश्रम के अध्यक्ष शिवप्रसाद मंडल ने बताया कि हरि कीर्तन का आयोजन गांव में सुख, शांति, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि अच्छी वर्षा, खुशहाली और जनकल्याण की कामना के साथ यह धार्मिक आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर कीर्तन मंडली के रिंकू भंडारी, राजू भंडारी, सनोज कुमार, नंद दास और सोनाय साधु ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। आयोजन को सफल बनाने में मेराटोल एवं दामोदरपुर के समस्त ग्रामवासियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
















