धनबाद : धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर दिनदहाड़े हुई ₹3.20 लाख की चोरी की वारदात को ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने विफल कर दिया। स्कॉर्पियो सवार चार बदमाश पिकअप चालक से नकदी चुराकर भाग रहे थे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
घटना शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सब्जी व्यवसाय से जुड़े एक पिकअप चालक का चौपारण से ही स्कॉर्पियो सवार चार अपराधी पीछा कर रहे थे। जब चालक तोपचांची के साहूबहियार स्थित एक होटल के पास रुका, तभी बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से मोटरसाइकिल की पुरानी चाबी की मदद से पिकअप का लॉक खोला और वाहन में रखे ₹3.20 लाख लेकर फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद चालक ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद ग्रामीण सक्रिय हो गए। ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो का पीछा करते हुए लेदाटांड़ के पास वाहन को घेर लिया। इस दौरान तीन आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी भागने में सफल रहा। सूचना मिलते ही तोपचांची थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ₹3.20 लाख की पूरी नकदी, घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, चार मोबाइल फोन तथा पिकअप का लॉक खोलने में इस्तेमाल किया गया पुरानी चाबियों का गुच्छा बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में तोपचांची थाना कांड संख्या 72/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे गिरोह के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
















