, ,

झरिया में ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान पुलिस टीम पर पथराव, सुतली बम से हमला

JP Bharat Shareधनबाद: झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ में रविवार देर शाम ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे कुछ शराबियों और असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। उपद्रवियों द्वारा दो सुतली बम फेंके जाने से इलाके में…

JP Bharat Share

धनबाद: झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ में रविवार देर शाम ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे कुछ शराबियों और असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। उपद्रवियों द्वारा दो सुतली बम फेंके जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

जानकारी के अनुसार, झरिया थाना की गश्ती टीम नियमित ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के तहत कतरास मोड़ क्षेत्र में जांच कर रही थी। इसी दौरान शराब दुकान के समीप सार्वजनिक स्थान पर शराब पी रहे और अड्डेबाजी कर रहे लोगों को हटाने का प्रयास किया गया। पुलिस की कार्रवाई का कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ उपद्रवियों ने अचानक पुलिस के गश्ती वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। इसी बीच दो सुतली बम भी फेंके गए, जिससे तेज धमाके हुए और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि राहगीरों ने सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया।

सूचना मिलते ही झरिया थाना सहित आसपास के थानों की पुलिस और अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर हालात पर काबू पाया और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से कतरास मोड़ से सिंह नगर तक फ्लैग मार्च निकाला। देर रात तक क्षेत्र में सघन गश्त और निगरानी जारी रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports