धनबाद: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की ओर से बीसीसीएल के अनुपूर्णा भवन में आयोजित मेगा लीगल इंपावरमेंट कैंप में सैकड़ों लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ, मुआवजा, नियुक्ति पत्र और अन्य परिसंपत्तियां वितरित की गईं। “अधिकार, आपका… प्रयास हमारा” अभियान के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक न्याय और सरकारी सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा ने विभिन्न विभागों की ओर से लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया। इस अवसर पर बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, न्यायिक अधिकारी, धनबाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही परामर्श और सहायता भी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने लाभुकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क एवं त्वरित न्याय पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत गांवों, पंचायतों और विद्यालयों में शिविर आयोजित कर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने कहा कि सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत बीसीसीएल समाज के कमजोर वर्गों के साथ खड़ा है और इस प्रकार के कार्यक्रम लोगों को सीधे लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे शिविर यह सुनिश्चित करते हैं कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान कविता देवी के स्वयं सहायता समूह को 3.76 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया गया। पप्पू पासवान को भूमि अधिग्रहण के एवज में 29 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया। वहीं रिया कुमारी, सरिता कुमारी और अंजली कुमारी को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इसके अलावा हाथी हमले से प्रभावित रविलाल मुर्मु सहित कई अन्य लाभुकों को भी विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता प्रदान की गई।
यह मेगा लीगल इंपावरमेंट कैंप न्यायपालिका, जिला प्रशासन और बीसीसीएल के समन्वित प्रयास का उदाहरण बना, जिसके माध्यम से एक ही मंच पर जरूरतमंद लोगों तक न्याय, सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।
















