धनबाद: रॉयल्टी चालान की नई व्यवस्था के विरोध में धनबाद जिला संवेदक संघ ने सोमवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान संवेदकों ने कंबाइंड बिल्डिंग से रणधीर वर्मा चौक तक पैदल मार्च निकालकर सरकार और खनन विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया तथा नई व्यवस्था को वापस लेने की मांग की।
संवेदक संघ के अध्यक्ष आकाश रवानी ने कहा कि नई रॉयल्टी चालान व्यवस्था से जिले के संवेदकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री और खनन मंत्री के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर नीति पर पुनर्विचार की मांग की जाएगी।
संघ का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था के तहत रॉयल्टी चालान के बिना भुगतान नहीं किया जा रहा है। वहीं जिले में बालू का टेंडर नहीं होने और गिट्टी का चालान आसानी से उपलब्ध नहीं होने के कारण संवेदकों के भुगतान अटक गए हैं। इससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं और कई परियोजनाओं की गति धीमी पड़ गई है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि जब तक निर्माण सामग्री की उपलब्धता और रॉयल्टी चालान की प्रक्रिया सुचारु नहीं होती, तब तक नई व्यवस्था को लागू नहीं किया जाए। उनका कहना है कि मौजूदा स्थिति से संवेदकों के साथ-साथ विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
संवेदक संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो जिले के संवेदक आगामी दिनों में सभी सरकारी विभागों की टेंडर प्रक्रिया का बहिष्कार करेंगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में संवेदकों ने भाग लिया और अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई।
















