धनबाद: लोकनायक स्मारक समिति, धनबाद के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिला परिषद अध्यक्ष से मुलाकात कर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की स्मृति में धनबाद में एक सामुदायिक भवन एवं पुस्तकालय स्थापित करने की मांग रखी।
समिति के सदस्यों ने जिला परिषद अध्यक्ष से अनुरोध किया कि जिले में किसी उपयुक्त स्थान पर सामुदायिक भवन और पुस्तकालय का निर्माण कराया जाए, ताकि आम नागरिकों, विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को इसका लाभ मिल सके। समिति का कहना है कि यह पहल लोकनायक जयप्रकाश नारायण के विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 11 अक्टूबर से लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 125वीं जयंती वर्ष की शुरुआत होने जा रही है। ऐसे में उनकी स्मृति में सामुदायिक भवन और पुस्तकालय की स्थापना धनबाद की ओर से उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिला परिषद अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए इस दिशा में सकारात्मक पहल और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में सर्व विजय झा, लाल वर्मा, अरुण राय, जयकिशन, राजेंद्र राही, राजीव रंजन गोगो और धनंजय कुमार सहित अन्य सदस्य शामिल थे।
















