धनबाद: कतरास कॉलेज में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की ओर से ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत व्यापक छात्र संपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलेज अध्यक्ष शाहबाज खान के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर शिक्षा और छात्र हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखी।
अभियान का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं, सुझावों और आवाज़ को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक पर रोक, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार के अवसर और छात्र अधिकारों जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और अभियान की जानकारी साझा की। छात्रों को बताया गया कि यह केवल एक जागरूकता अभियान नहीं, बल्कि देशभर के विद्यार्थियों की आवाज़ को एकजुट करने का प्रयास है। इस दौरान छात्रों से QR कोड स्कैन कराकर उन्हें अभियान से जोड़ा गया तथा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्र हित के मुद्दों पर निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील की गई।
विद्यार्थियों ने शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक, छात्रवृत्ति, रोजगार और अन्य छात्र हित से जुड़े विषयों पर अपनी बातें रखीं। एनएसयूआई ने अधिक से अधिक छात्रों से इस अभियान से जुड़ने और अपने साथियों को भी इसमें शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम में एनएसयूआई धनबाद जिला अध्यक्ष साहिल अली, कतरास कॉलेज अध्यक्ष शाहबाज खान, उपाध्यक्ष शिवा दास, महासचिव लक्ष्मण दास, रुखसार परवीन, मुस्कान सिंह, कुणाल सिंह, पम्मय कुमारी, कुमकुम कुमारी और चंदा कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
















