धनबाद: शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए BIT सिंदरी में बी.टेक नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन 123 विद्यार्थियों ने विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं में प्रवेश लिया। पूरे दिन नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) पंकज राय के निर्देशन में नामांकन की सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की गईं। विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए आवश्यक सहायता काउंटर, दस्तावेज़ सत्यापन और मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई, जिससे प्रवेश प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हुई।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान दिया गया है। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भी संस्थान की व्यवस्थाओं की सराहना की।
BIT सिंदरी में नए शैक्षणिक सत्र को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है और आगामी दिनों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी।
















