धनबाद : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR 2026) अभियान की प्रगति की ऑनलाइन समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बन सके।
समीक्षा बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), बीएलओ सुपरवाइजर और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान विधानसभावार एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। जिन क्षेत्रों में कार्य अपेक्षाकृत धीमा पाया गया, वहां विशेष अभियान चलाकर तेजी से लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि सभी बीएलओ (Booth Level Officers) घर-घर जाकर मतदाताओं तक एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाएं और प्राप्त प्रपत्रों का समय पर डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
बैठक में मतदाता सूची से अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), डुप्लीकेट (Duplicate) और मृत (Deceased) मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि यह कार्य पूरी पारदर्शिता और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए, ताकि मतदाता सूची अधिक सटीक और विश्वसनीय बन सके।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ, अद्यतन और त्रुटिहीन मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसलिए पुनरीक्षण अभियान से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा समयबद्ध तरीके से सभी लक्ष्य पूरे करें।
बैठक के अंत में एसआईआर-2026 अभियान से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए अभियान को सफल बनाने और प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
















