झरिया : भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा गुरुवार को झरिया में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। “जय जगन्नाथ” के जयघोष, भक्ति गीतों और संकीर्तन के बीच सैकड़ों श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी खींचकर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रथयात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए चार नंबर टैक्सी स्टैंड स्थित अस्थायी मौसीबाड़ी पहुंची, जहां भगवान का पारंपरिक विधि-विधान से स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान के दर्शन किए और परिवार, समाज तथा देश की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
पूरे आयोजन के दौरान बृज गोपिका मिशन के श्रद्धालुओं ने “जय जगन्नाथ प्रभु जय जगन्नाथ”, “राधे-राधे गोविंद-गोविंद”, “गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो” और “भज गोविंदो भज गोपाला” जैसे भजनों और संकीर्तन से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गाजे-बाजे और हरिनाम संकीर्तन के बीच श्रद्धालु नृत्य करते हुए रथयात्रा में शामिल हुए।
श्रीश्री रथयात्रा संचालन समिति की ओर से पूरे आयोजन की व्यवस्थाएं की गईं। समिति के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और पूजा-अर्चना की व्यवस्था संभाली। आयोजन में पंडित विजय पाण्डेय, विष्णु त्रिपाठी, राजकुमार अग्रवाल, हरिश जोशी, सुशांत सिंह, अजय गुप्ता, सूरज गुप्ता, दिलीप भारती, संजय वर्मा, मिंकी अग्रवाल सहित कई श्रद्धालु सेवा कार्य में सक्रिय रहे।
समिति ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ आगामी तीन दिनों तक मौसीबाड़ी में विराजमान रहेंगे। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार बहुदा यात्रा के माध्यम से भगवान का पुनः मंदिर में आगमन होगा।
















