सिंदरी: सिंदरी में सामाजिक संस्था सफल इंडिया द्वारा आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में सिंदरी के विधायक कॉमरेड चन्द्रदेव महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की। साथ ही संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को समाजहित में किए जा रहे इस पुनीत कार्य के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चन्द्रदेव महतो ने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है।” उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ती है, ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता किसी के लिए जीवनदाता बन जाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज में मानवता, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने के लिए इस प्रकार के रक्तदान शिविरों का नियमित आयोजन आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आगे आकर स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। सफल इंडिया के सदस्यों ने रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी तरह समाजहित में रक्तदान और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।
कार्यक्रम का समापन रक्तदाताओं के सम्मान, अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शन और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के संकल्प के साथ हुआ।
















