धनबाद: स्वर्गीय मजदूर नेता सूर्यदेव सिंह के जीवन पर आधारित प्रस्तावित वेब सीरीज की रिसर्च और शूटिंग की तैयारियों के तहत टीम ने सोमवार को बीसीसीएल के बरोरा क्षेत्र स्थित बेनीडीह भूमिगत खदान का दौरा किया। इस दौरान टीम ने लगभग दो घंटे तक खदान के अंदर रहकर कोयला खनन की प्रक्रिया, श्रमिकों के कार्य वातावरण और भूमिगत खदान की कार्यप्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया।
दौरे के दौरान वेब सीरीज से जुड़े कलाकारों और तकनीकी टीम ने खदान में कार्यरत मजदूरों की कार्यशैली, सुरक्षा व्यवस्था और खनन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। टीम का उद्देश्य कोयलांचल की वास्तविक परिस्थितियों तथा श्रमिक जीवन को शोध आधारित और प्रभावी तरीके से पर्दे पर प्रस्तुत करना है।
इस अवसर पर जनता मजदूर संघ के महामंत्री सिद्धार्थ गौतम, बीसीसीएल सेफ्टी कमेटी के सदस्य संजीत सिंह सहित कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने खदान की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से आवश्यक जानकारी हासिल की।
जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित वेब सीरीज में कोयलांचल के सामाजिक परिवेश, श्रमिक जीवन, खनन संस्कृति और मजदूर आंदोलनों की पृष्ठभूमि को यथासंभव वास्तविक रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में टीम विभिन्न कोलियरियों और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थानों का दौरा कर तथ्य एवं अनुभव जुटा रही है।
















