धनबाद: 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा को लेकर उठ रहे विवाद और कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) धनबाद महानगर ने मंगलवार को जिला परिषद मैदान से रणधीर वर्मा चौक तक मशाल जुलूस निकाला। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी एवं पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
मशाल जुलूस का नेतृत्व भाजयुमो धनबाद महानगर के जिलाध्यक्ष नित्यानंद मंडल ने किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मशाल, तख्तियां और झंडे लेकर परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा की मांग उठाई। इस दौरान विभिन्न नारों के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया में सुधार और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
सभा को संबोधित करते हुए नित्यानंद मंडल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि युवाओं का चयन प्रक्रिया पर विश्वास कायम रहे। उन्होंने कहा कि संगठन अभ्यर्थियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाता रहेगा और युवाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद करता रहेगा।
प्रदर्शन में शामिल प्रतिभागियों ने परीक्षा प्रक्रिया में सुधार, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और योग्य उम्मीदवारों के हितों की रक्षा की मांग दोहराई। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मानस प्रसून, रूपेश सिन्हा, योगेंद्र यादव, तमाल राय, राजाराम दत्त, शुभम बनर्जी, रंजय सिंह, इंद्र भूषण कुशवाहा, सकेत श्रीवास्तव, सूरज सिंह, विक्की रवानी, अमित सिन्हा, विशाल, संतोष मंडल सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता एवं युवा मौजूद रहे।
















