भागलपुर: आगामी श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर नगर परिषद सुल्तानगंज के सभागार में नगर आयुक्त किशलय कुशवाहा की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आधारभूत व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नमामि गंगे घाट पर उद्घाटन स्थल की तैयारी, गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग, एसडीआरएफ टीम की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था, कांवरिया ठहराव स्थल, पेयजल, शौचालय, बिजली, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों से कहा गया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त किशलय कुशवाहा ने स्पष्ट कहा कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने बताया कि श्रावणी मेला का उद्घाटन 28 जुलाई को प्रस्तावित है, जिसके मद्देनज़र प्रशासन सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
बैठक में एडीएम धीरेन्द्र कुमार मिश्रा, एडीएम (विभागीय जांच) जन्मेंजय शुक्ला, जिला कृषि पदाधिकारी प्रेम शंकर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा थाना प्रभारी धनंजय कुमार, बीडीओ संजीव कुमार, नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार एवं अन्य संबंधित अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
प्रशासन ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाएगा।
















