रांची: झारखंड में फिल्म, टेलीविजन और मीडिया शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच सहयोग को लेकर एक समझौता (MoU) भी संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के युवाओं को आधुनिक फिल्म एवं मीडिया उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी प्रशिक्षण और कौशल विकास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस संस्थान की शुरुआत की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संस्थान राज्य की रचनात्मक प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
संस्थान के प्रारंभिक चरण में साउंड डिजाइनिंग, वीडियो एडिटिंग, एनीमेशन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे क्षेत्रों में अल्पकालिक व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड कला और संस्कृति की समृद्ध विरासत वाला राज्य है तथा यहां प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर राज्य के युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान फिल्म एवं मीडिया क्षेत्र में कौशल विकास, रोजगार के नए अवसर और राज्य में रचनात्मक उद्योगों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने उम्मीद जताई कि JFTI आने वाले समय में झारखंड को फिल्म एवं मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में सहायक साबित होगा।
















