धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-आईएसएम) धनबाद ने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) कार्यक्रम के तहत जी.एन.एम. प्लस-2 स्कूल, कतरासगढ़ में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) आधारित जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के लगभग 220 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बैलून ब्लो-अप, कैंडल वाटर राइजिंग, टर्मरिक इंडिकेटर, एलीफेंट टूथपेस्ट और लावा लैंप जैसे रोचक वैज्ञानिक प्रयोगों का प्रदर्शन कराया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से रासायनिक अभिक्रिया, गैस निर्माण, वायु दाब, घनत्व, पीएच संकेतक और उत्प्रेरक जैसी वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल और व्यावहारिक तरीके से समझाया गया।
कार्यक्रम समन्वयक प्रो. रश्मि सिंह ने कहा कि विज्ञान को प्रयोगों के माध्यम से सीखने से बच्चों में जिज्ञासा और सीखने की रुचि बढ़ती है। वहीं सह-समन्वयक प्रो. नीलाद्रि दास ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक सोच, समस्या समाधान की क्षमता और नवाचार की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षक, बीसीसीएल के सीएसआर विभाग के अधिकारी तथा अन्य अतिथि भी उपस्थित रहे। बीसीसीएल अधिकारियों ने कहा कि परियोजना प्रभावित परिवारों के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण STEM शिक्षा पहुंचाने के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किए जाएंगे।
















