धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-आईएसएम) धनबाद के पूर्व छात्र Sunil Kumar Barnwal के नेतृत्व में भारत ने डिजिटल स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में कार्यरत डॉ. बर्नवाल के नेतृत्व में आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) की संख्या 90 करोड़ के पार पहुंच गई है।
यह उपलब्धि भारत को दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल और इंटरऑपरेबल स्वास्थ्य तंत्रों में शामिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। एबीएचए के माध्यम से नागरिकों को एक यूनिक डिजिटल हेल्थ आईडी प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित रूप से संग्रहीत और आवश्यकता अनुसार साझा कर सकते हैं।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए Pan IIT Alumni India के महासचिव एवं आईआईटी (आईएसएम) धनबाद एलुमनाई एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष Ashok Kumar ने कहा कि यह उपलब्धि दर्शाती है कि तकनीक और सार्वजनिक नीति के समन्वय से राष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव है।
उन्होंने कहा कि आधार, यूपीआई और डिजीलॉकर के बाद एबीएचए भारत के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की एक और बड़ी सफलता बनकर उभरा है। इससे स्वास्थ्य सेवाएं अधिक पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनेंगी। डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड की सुविधा से मरीजों को बेहतर उपचार, अनावश्यक जांचों में कमी और स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।
अशोक कुमार ने कहा कि डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल जैसे आईआईटी (आईएसएम) के पूर्व छात्र देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं और उनकी यह उपलब्धि संस्थान के लिए गर्व का विषय है।
आईआईटी (आईएसएम) धनबाद ने डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में भारत का डिजिटल स्वास्थ्य मिशन आने वाले वर्षों में और अधिक प्रभावशाली परिणाम देगा तथा करोड़ों लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
















