कुल्टी: रातभर हुई तेज बारिश के बाद बाराबनी इलाके में सड़क धंसने की बड़ी घटना सामने आई है। भानुरा-भासकुड़ी से नूनी मोड़ जाने वाली सड़क पर मदनमोहनपुर गांव के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। इससे इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है।
बताया जा रहा है कि सड़क का करीब 5 से 7 फीट गहरा और 80 से 90 फीट लंबा हिस्सा धंस गया है। सड़क के बीचों-बीच हुए इस बड़े धंसाव के कारण वाहनों के आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोग धंसे हुए हिस्से के किनारे से बाइक और पैदल आने-जाने को मजबूर हैं।
सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। अगर बारिश का दौर जारी रहा, तो धंसा हुआ हिस्सा और ज्यादा क्षतिग्रस्त हो सकता है। ऐसी स्थिति में सड़क पर आवागमन पूरी तरह बंद होने की संभावना भी जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द मौके का निरीक्षण कराने, सुरक्षा के इंतजाम करने और सड़क की मरम्मत शुरू कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह धंसाव किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
















