धनबाद: बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपने 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत जीवन ज्योति विशेष विद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर बैंक के धनबाद क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों ने विद्यालय का दौरा कर दिव्यांगजनों के कल्याण और समावेशी समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान बैंक ऑफ़ बड़ौदा की ओर से जीवन ज्योति संस्थान के अंतर्गत संचालित रोटरी जैरी पॉवेल जयपुर लिंब सेंटर को आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। बैंक अधिकारियों ने भविष्य में भी संस्थान के साथ मिलकर सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में सहयोग जारी रखने का भरोसा दिलाया।
स्थापना दिवस के अवसर पर जरूरतमंद दिव्यांगजनों को एक व्हीलचेयर और दो कृत्रिम पैर (जयपुर लिंब) भी प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को अधिक आत्मनिर्भर बनाना और उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान जीवन ज्योति संस्थान के सचिव राजेश परकेरिया एवं सदस्य विकास शर्मा ने बैंक अधिकारियों का स्वागत करते हुए विशेष बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट की। उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा और संस्थान द्वारा किए जा रहे पुनर्वास एवं शिक्षा संबंधी कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर बैंक ऑफ़ बड़ौदा की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां सामाजिक सेवा, समावेशी शिक्षा और दिव्यांगजन सशक्तिकरण के महत्व पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों ने जीवन ज्योति विशेष विद्यालय द्वारा दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का विश्वास व्यक्त किया।
















