बलियापुर : बलियापुर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से प्रभावित जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर अब राहत की उम्मीद जगी है। क्षेत्र में पेयजल संकट की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी एवं पंचायत समिति सदस्य सह विधायक प्रतिनिधि हीरालाल मोदक की पहल पर पीएचईडी (पेयजल एवं स्वच्छता विभाग) के अधिकारियों ने दामोदर नदी स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) के इंटेकवेल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) जनार्दन प्रसाद तथा कनिष्ठ अभियंता (जेई) लखिराम मांझी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जलापूर्ति बाधित होने के कारणों की विस्तृत समीक्षा की और तकनीकी समस्याओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने बताया कि जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया है कि हर हाल में अगले 2 से 3 दिनों के भीतर पूर्व की भांति नियमित जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच जलापूर्ति बाधित होने से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
वहीं विधायक प्रतिनिधि हीरालाल मोदक ने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने विभाग से त्वरित कार्रवाई कर जल संकट समाप्त करने की अपील की, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बाद जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था सामान्य हो जाएगी और पेयजल संकट से निजात मिलेगी।
















