भागलपुर जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भोजपुर गांव में मंगलवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली का खंभा और उससे जुड़ा ढांचा झोपड़ीनुमा घर पर गिर जाने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतका की पहचान गुजाली मंडल की 40 वर्षीय पत्नी रंजू देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रंजू देवी अपने पति के साथ गोशाला के पास बने बरामदे में सो रही थीं। इसी दौरान रात करीब दो बजे अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। तेज हवा के कारण बिजली का खंभा और उससे जुड़ा भारी ढांचा सीधे उनके घर पर आ गिरा, जिसकी चपेट में आने से रंजू देवी गंभीर रूप से घायल होकर मलबे में दब गईं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करने की कोशिश की, लेकिन अंधेरा, लगातार बारिश और बिजली के करंट का खतरा होने के कारण तत्काल राहत कार्य नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि रंजू देवी करीब तीन घंटे तक मलबे के नीचे दबी रहीं और दर्द से तड़पती रहीं।
सुबह करीब पांच बजे गोराडीह थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बिजली आपूर्ति को सुरक्षित तरीके से बंद करने के बाद ग्रामीणों की मदद से गिरे हुए खंभे और मलबे को हटाया गया। इसके बाद महिला को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतका के पति गुजाली मंडल ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के बीच अचानक जोरदार आवाज हुई और बिजली का खंभा बरामदे पर गिर पड़ा। उन्होंने पत्नी को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह मलबे के नीचे दब चुकी थीं।
इस हादसे में मृतका अपने पीछे सात बच्चों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर लोगों की आंखें नम हो गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गोराडीह थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।














