भागलपुर: भागलपुर जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारात में जा रहे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जगन्नाथपुर के रहने वाले तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जमालपुर में आयोजित एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सुलतानगंज थाना क्षेत्र के मीरहट्टी फोरलेन के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में सुजीत कुमार और मिथिलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सदानंद मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सुलतानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इस हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।
















