बलियापुर (धनबाद): सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के बलियापुर प्रखंड अंतर्गत पलानी में अनिकेत एजुकेशन एवं वेलफेयर सोसाइटी के कार्यालय और प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का उद्देश्य महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तारा देवी शामिल हुईं। उन्होंने फीता काटकर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सोसाइटी की ओर से समाज कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बनकर अपने परिवार और समाज के विकास में योगदान दे सकेंगी।
कार्यक्रम में सोसाइटी के सचिव माथुर मंडल, सुभाष सिंह चौधरी, तन्नु लाल गोराई, आशा कुमारी, सीमा पासवान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
















