बलियापुर, धनबाद। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बुधवार को सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने नवनिर्मित प्रखंड लोक स्वास्थ्य इकाई (BPHU) भवन का उद्घाटन किया। फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर उन्होंने भवन को जनता को समर्पित किया।
विधायक ने कहा कि BPHU के शुरू होने से बलियापुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सामान्य जांच के लिए धनबाद मुख्यालय या निजी लैब जाने की जरूरत कम होगी।
इस इकाई में रक्त जांच के साथ मलेरिया, डेंगू, टीबी सहित कई संक्रामक और गैर-संक्रामक बीमारियों की निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। बीमारियों की निगरानी के लिए आधुनिक आईटी प्रणाली भी विकसित की गई है।
उद्घाटन के बाद विधायक ने लैब और उपकरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रहते हुए बेहतर सेवा देने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
















