बलियापुर। मोबाइल फोन खोने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके तीन लोगों के चेहरे पर उस समय खुशी लौट आई, जब बलियापुर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए उनके गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर लिए। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने तीनों मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।
जानकारी के अनुसार, मोबाइल फोन गुम होने के बाद संबंधित लोगों ने बलियापुर थाना में इसकी सूचना देते हुए सनहा दर्ज कराया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मोबाइल फोन की तलाश के लिए तकनीकी माध्यमों से जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस महीने तीन गुम मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की। इसके बाद मोबाइल के वास्तविक मालिकों की पहचान और जरूरी सत्यापन कराया गया।
सत्यापन पूरा होने के बाद तीनों मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंप दिए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस का आभार जताया और कार्रवाई की सराहना की।
बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने बताया कि मोबाइल गुम होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस तकनीकी माध्यमों से उसकी तलाश शुरू करती है। पुलिस का प्रयास रहता है कि लोगों की खोई हुई संपत्ति को जल्द बरामद कर उसे वास्तविक मालिक तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल या कोई अन्य सामान गुम होने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें और सनहा दर्ज कराएं, ताकि समय रहते तकनीकी जांच के माध्यम से उसकी बरामदगी का प्रयास किया जा सके।
बलियापुर पुलिस की इस कार्रवाई से तीन लोगों को उनकी खोई संपत्ति वापस मिली। साथ ही मिशन अमानत के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच भरोसे को मजबूत करने की दिशा में भी सकारात्मक संदेश गया।
















