झरिया: झरिया के ऐतिहासिक राजा तालाब में 1 नवंबर को पहली बार बनारस के गंगा घाट की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया जाएगा। मेयर संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह की पहल पर होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।
आयोजन के दौरान तालाब के चारों ओर आकर्षक विद्युत सजावट और सैकड़ों दीप जलाए जाएंगे। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात की विशेष व्यवस्था की जा रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे भजन-कीर्तन से होगी। जमशेदपुर के भजन गायक अभिषेक पाठक प्रस्तुति देंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे आचार्य रणधीर जी की टीम बनारस की तर्ज पर गंगा महाआरती करेगी।
आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य झरिया की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देना तथा लोगों को अपने शहर में ही भव्य आरती का अनुभव देना है।
















