बराकर: वार्ड नंबर 68 के करीमडांगा इलाके में पंकज श्रीवास्तव के घर हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं और मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कुल्टी एसीपी एमडी जावेद हुसैन के नेतृत्व में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने बताया कि चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री से जुड़े एक आरोपी को भी पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रिंटू माझी की दुकान से करीब 250 ग्राम चांदी और 6–7 ग्राम सोना बरामद किया गया।
पुलिस ने रिंटू माझी को तीन दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ की है। वहीं, चोरी की घटना में मुख्य आरोपी बताए जा रहे 17 वर्षीय नाबालिग को किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत होम भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक बरामद आभूषणों की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी तलाश जारी है।
















