चंदनकियारी : चंदनकियारी प्रखंड के गोपीनाथपुर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। इस पावन अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालु रथयात्रा में शामिल हुए और महाप्रभु के दर्शन कर रथ की रस्सी खींचते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे क्षेत्र में “जय जगन्नाथ” और “हरे कृष्ण” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रथयात्रा में धनबाद सांसद ढुलू महतो भी शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ के रथ के समक्ष श्रद्धापूर्वक माथा टेककर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा सभी पर बनी रहे और रथयात्रा हमारी सनातन संस्कृति, आस्था तथा सामाजिक एकता का प्रतीक है।
रथयात्रा को लेकर स्थानीय समिति और ग्रामीणों ने व्यापक तैयारियां की थीं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। धार्मिक उत्साह, सामाजिक समरसता और जनसहभागिता के बीच संपन्न हुई यह रथयात्रा क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और उत्सव का केंद्र बनी रही।
















