कतरास: छाताबाद 5 नंबर में मंगलवार को समाजसेवी स्वर्गीय केदार नाथ सिंह की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके परिजनों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय केदार नाथ सिंह के पुत्र मनोज सिंह एवं पुत्रवधू उषा बाला द्वारा पूजा-अर्चना और हवन के साथ की गई। इसके बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय केदार नाथ सिंह सामाजिक कार्यों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते थे। वे कतरास क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े रहे और समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे। उनके योगदान को क्षेत्र के लोग हमेशा याद रखेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय केदार नाथ सिंह का जीवन समाज सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज में एक अलग पहचान बनाई थी।
कार्यक्रम में वियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा, कोयला इस्पात पंचायत (एचएमएस) के जनरल सेक्रेटरी अर्जुन सिंह, सुरेश सिंह, रणधीर सिंह, सच्चिदानंद सिंह, अरुण सिंह, कृष्णा प्रिया, नितेश सिंह, राखी सिंह, निहारिका सिंह, ज्योति सिंह, नकुल सिंह, राकेश सिंह, बिहारी सिंह, अवधेश सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वर्गीय केदार नाथ सिंह के आदर्शों पर चलने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
















