गोविंदपुर: गोविंदपुर पूर्वी पंचायत को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। पंचायत की मुखिया श्रीमती झूमा मुखर्जी के सौजन्य से विभिन्न सरकारी संस्थानों में कूड़ेदानों का वितरण एवं स्थापना कर स्वच्छता अभियान को नई गति दी गई। इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई को बढ़ावा देना और लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
अभियान के तहत गोविंदपुर पूर्वी पंचायत सचिवालय, बांग्ला प्राथमिक विद्यालय, राजकीय बुनियादी विद्यालय, बीआरसी भवन गोविंदपुर, आंगनवाड़ी केंद्र, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) गोविंदपुर तथा गोविंदपुर थाना सहित कई प्रमुख सरकारी संस्थानों में कूड़ेदान लगाए गए।
इस अवसर पर मुखिया झूमा मुखर्जी ने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की पहचान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं और निर्धारित कूड़ेदानों का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कूड़ेदान लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता विकसित करने का भी प्रयास है।
उन्होंने पंचायतवासियों से स्वच्छ एवं सुंदर गोविंदपुर पूर्वी पंचायत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उनका विश्वास है कि इस पहल से पंचायत में साफ-सफाई की व्यवस्था और बेहतर होगी तथा लोगों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वच्छ भारत अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
















