झरिया: जितिया पर्व के दौरान दामोदर नदी में स्नान करने के दौरान तेज धार में बहकर लापता हुई 16 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी का शव रविवार सुबह सिंदरी बस्ती के पास नदी में तैरता मिला। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में मातम पसर गया।
दो अक्टूबर से चल रही थी तलाश
बताया गया कि 2 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे सोनाक्षी अमलाबाद में जितिया पर्व के दौरान दामोदर नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई।
सोनाक्षी को बचाने के लिए उसके मामा अमन ने भी नदी में छलांग लगाई थी, लेकिन तेज धार में वह भी डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि सोनाक्षी नदी में बह गई।
सिंदरी बस्ती के पास मिला शव
हादसे के बाद से स्थानीय लोगों और परिजनों की ओर से सोनाक्षी की लगातार तलाश की जा रही थी। रविवार सुबह करीब 7 बजे स्थानीय ग्रामीण सीबू मंडल ने नदी में एक शव तैरता देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सोनाक्षी के रूप में की।
झरिया अंचल अधिकारी की देखरेख में शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
















