देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 की अंतिम सोमवारी पर देवघर में श्रद्धा और आधुनिक तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिला। शिवलोक परिसर में जिला प्रशासन की ओर से भव्य ड्रोन शो आयोजित किया गया। रात करीब 7:30 बजे सैकड़ों ड्रोन ने आसमान में उड़ान भरी, जिसके बाद पूरा क्षेत्र रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा।
करीब 20 से 25 मिनट तक चले इस ड्रोन शो में आसमान पर अलग-अलग आकृतियों के जरिए बाबा बैद्यनाथ मंदिर, श्रावणी मेला, मंदिर की धार्मिक परंपराओं और द्वादश ज्योतिर्लिंग से जुड़ी झलकियां प्रदर्शित की गईं। धार्मिक इतिहास और आधुनिक तकनीक के इस मेल ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का खासा ध्यान आकर्षित किया।
ड्रोन से बनी रोशनीदार आकृतियों का नजारा मंदिर के आसपास करीब पांच किलोमीटर तक दिखाई देने की बात कही गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इस अनोखे आयोजन का आनंद लिया और मोबाइल फोन में इसकी तस्वीरें और वीडियो भी कैद किए।
अंतिम सोमवारी के मौके पर हुए इस आयोजन ने देवघर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को एक अलग अंदाज में सामने रखा। श्रद्धालुओं के बीच ड्रोन शो चर्चा का विषय बना रहा और लोगों ने जिला प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के साथ यादगार अनुभव देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य सुरक्षित जलार्पण व्यवस्था के साथ शिवभक्तों को आध्यात्मिक और सुखद अनुभव उपलब्ध कराना है।
देवघर की अंतिम सोमवारी पर आसमान में दिखाई गई बाबा बैद्यनाथ की दिव्य गाथा ने श्रद्धालुओं के लिए इस आयोजन को यादगार बना दिया।
















