धनबाद : झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (JRDA) के तहत बेलगड़िया टाउनशिप में चल रही विकास योजनाओं का सोमवार को उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं और विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सड़क, स्ट्रीट लाइट और जलापूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने मेगा स्किल सेंटर, विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र और तालाब जीर्णोद्धार समेत अन्य कार्यों का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
अधिकारियों ने बेलगड़िया टाउनशिप में विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने की बात कही, ताकि पुनर्वास क्षेत्र में रहने वाले लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
















