धनबाद: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को धनबाद में आदिवासी समाज की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सोनोत संथाल समाज केंद्रीय समिति, धनबाद के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाज के लोग पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद से रणधीर वर्मा चौक तक सांस्कृतिक रैली निकाली गई। रैली में शामिल लोगों ने मांदर, ढोल और नगाड़े की थाप पर पारंपरिक गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों की प्रस्तुति और वाद्य यंत्रों की गूंज ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
सोनोत संथाल समाज के केंद्रीय सचिव अनिल कुमार टुडू ने कहा कि समाज की ओर से विश्व आदिवासी दिवस को उत्सव के रूप में मनाया जाता है। यह दिन आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और पहचान को सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है।
केंद्रीय संयोजक रमेश टुडू ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस समाज के लिए गर्व का दिन है। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने आदिवासी समाज की एकजुटता, अधिकारों और भाषा-संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया। साथ ही युवा पीढ़ी से अपनी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की गई।
मौके पर अनिल कुमार टुडू, रमेश टुडू, रतीलाल टुडू, लक्ष्मी मुर्मू समेत सोनोत संथाल समाज केंद्रीय समिति के पदाधिकारी और सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
















