धनबाद: धनबाद समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में झरिया कोयलांचल के केंदुआडीह भू-धंसान प्रभावित सड़क, झरिया, केंदुआ, लोदना एवं कर्माटांड़ क्षेत्र की जनसमस्याओं, पुनर्वास और विकास कार्यों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने क्षेत्र की विभिन्न लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।
बैठक के दौरान विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया कोयलांचल लंबे समय से भू-धंसान, भूमिगत आग और अधूरी विकास योजनाओं की समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से केंदुआडीह की भू-धंसान प्रभावित सड़क का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सड़क बंद रहने से हजारों लोगों को प्रतिदिन आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सड़क को जल्द चालू कराने का आग्रह किया।
विधायक ने झरिया, केंदुआ, लोदना और कर्माटांड़ क्षेत्र में लंबित पुनर्वास योजनाओं, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों को भी विस्तार से उठाया। उन्होंने कहा कि भू-धंसान प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बैठक में भरोसा दिलाया कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए भू-धंसान प्रभावित सड़क सहित जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों और बीसीसीएल के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद विधायक रागिनी सिंह ने कहा, “झरिया विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा, सम्मानजनक पुनर्वास और बेहतर बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। केंदुआडीह की बंद सड़क को जल्द शुरू कराना बेहद आवश्यक है, क्योंकि इससे हजारों लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। जनहित के प्रत्येक मुद्दे को मैं लगातार प्रशासन और सरकार के समक्ष उठाती रहूंगी।”
गौरतलब है कि झरिया कोयलांचल में भू-धंसान और भूमिगत आग दशकों से गंभीर समस्या बनी हुई है। इसके कारण कई सड़कें बंद हो चुकी हैं और हजारों परिवार विस्थापन एवं असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह समीक्षा बैठक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। यदि प्रशासन अपने आश्वासन के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई करता है तो झरिया, केंदुआ, लोदना और कर्माटांड़ के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।
बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, धनबाद विधायक राज सिन्हा, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, बीसीसीएल एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
















