धनबाद : धनबाद के समग्र विकास को लेकर धनबाद विकास मंच की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें 22 जुलाई 2026 को रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय जन-जागरण अभियान चलाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। मंच ने इस अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में मंच के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह गैर-राजनीतिक जन अभियान है। इसका उद्देश्य धनबाद के बुनियादी ढांचे, नागरिक सुविधाओं और समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर जनजागरण करना है। अभियान में सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, बुद्धिजीवियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।
मंच के सदस्यों ने कहा कि देश की ऊर्जा राजधानी के रूप में पहचान रखने वाले धनबाद को अब विकास की नई दिशा देने की आवश्यकता है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर शहर के हित में आवाज उठानी चाहिए।
बैठक में लोगों से अपील की गई कि वे 22 जुलाई को रणधीर वर्मा चौक पर आयोजित जन-जागरण अभियान में बड़ी संख्या में शामिल होकर धनबाद के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
बैठक में विधायक अरूप चटर्जी, पूर्व महापौर चन्द्रशेखर अग्रवाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सिंह, वियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय झा, प्रवीण गोधा, सम्राट चौधरी, अजय अग्रवाल, जुबैर आलम, एयरपोर्ट धनबाद संयोजक अविनाश कुमार सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
















