धनबाद: शहर के शक्ति चौक के समीप स्थित आठ लेन सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर अब लोगों की सुरक्षा के बजाय दुर्घटनाओं का कारण बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्पीड ब्रेकर पर रेडियम रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक नहीं होने के साथ-साथ सड़क पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की भी व्यवस्था नहीं है। ऐसे में रात के समय वाहन चालकों को ब्रेकर समय पर दिखाई नहीं देता, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय अधिवक्ता बबलू महतो ने बताया कि इस स्थान पर कई दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो चुके हैं। उनका कहना है कि कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर दिलाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि स्पीड ब्रेकर पर तत्काल रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, चेतावनी बोर्ड स्थापित किए जाएं और पूरी आठ लेन सड़क पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि रात के समय वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन में परेशानी न हो।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के साथ-साथ जनहित में आंदोलन करने के लिए भी बाध्य होंगे।
इस दौरान अधिवक्ता बबलू महतो, राजू महतो, महावीर, उमेश टुडू, मंटू महतो, अरुण सोरेन, लाल बाबा सहित कई स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
















