धनबाद: एसडीओ कोर्ट परिसर स्थित धनबाद बार एसोसिएशन के नव-निर्मित शेड में शनिवार को अधिवक्ताओं की ओर से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल के बीच बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, अतिथियों और श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर भगवान श्रीराम और हनुमान जी की आराधना की।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ राम दरबार के पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद दोपहर 12 बजे जागरण ग्रुप के कलाकारों ने संगीतमय सुंदरकांड का पाठ प्रारंभ किया। श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों और दोहों की मधुर प्रस्तुति पर उपस्थित अधिवक्ता भक्ति रस में सराबोर हो गए और पूरे वातावरण में श्रद्धा एवं उत्साह का माहौल बन गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद विधायक राज सिन्हा भी शामिल हुए। सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र सहाय ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं के आत्मिक और मानसिक बल को मजबूत करने का माध्यम भी है। वहीं महासचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि सुंदरकांड संकट के समय धैर्य, सेवा, साहस और समर्पण का संदेश देता है। भगवान हनुमान का चरित्र अधिवक्ताओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है, क्योंकि उनका कार्य भी न्याय, सत्य और समाज की सेवा से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं का जीवन न्याय की स्थापना और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं, बल्कि बार एसोसिएशन की एकता, सहयोग और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने समाज में शांति, सद्भाव और न्याय की स्थापना की कामना की तथा भविष्य में भी इस तरह के आयोजन नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प लिया।
















