धनबाद: धनबाद जंक्शन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर जांच के दौरान करीब 40 किलो गांजा बरामद किया गया। मामले में दो संदिग्ध तस्करों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ जवान प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान दो ट्रॉली और तीन बैग पर संदेह हुआ। सामान की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
इसके बाद आरपीएफ ने राजकीय रेल पुलिस और संबंधित जांच टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
ओडिशा से लेकर धनबाद पहुंचे थे आरोपी
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों संदिग्ध ओडिशा से गांजे की खेप लेकर धनबाद पहुंचे थे। यहां से उन्हें उत्तर प्रदेश जाने की तैयारी थी। हालांकि, धनबाद जंक्शन पर जांच के दौरान आरपीएफ की नजर उन पर पड़ गई।
बरामद गांजे को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। दोनों संदिग्धों के बिहार निवासी होने की जानकारी भी सामने आई है।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल जांच एजेंसियां दोनों से पूछताछ कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
करीब 40 किलो गांजे की बरामदगी को धनबाद जंक्शन पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
















