धनबाद: 15वीं धनबाद जिला जूडो चैंपियनशिप 2026-27 में डीएवी कोयला नगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 77 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।
डीएवी कोयला नगर में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और क्लबों से सैकड़ों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर 70 अंकों के साथ दूसरे और धनबाद पब्लिक स्कूल हीरक ब्रांच 36 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
समापन समारोह में विजेता और पदक विजेता खिलाड़ियों को पदक, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। धनबाद जूडो संघ के सचिव पप्पू कुमार ने बताया कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में धनबाद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस उपलब्धि से खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
















