धनबाद: सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और स्कूल प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को धनबाद में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एमटीसी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने किया। प्रशिक्षण में झरिया प्रखंड के 108 सरकारी विद्यालयों के 211 प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं सहायक शिक्षकों ने भाग लिया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि बेहतर शिक्षक ही बेहतर विद्यालय की पहचान होते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल शिक्षकों को जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसी कार्यशैली से जोड़ना है जिससे विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रभावी प्रबंधन और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को विद्यालयों की आधारभूत संरचना के रख-रखाव, बाल-मित्र परिसर के निर्माण, प्रभावी शिक्षण-अधिगम तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन (एमडीएम) संचालन तथा स्कूल प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने शिक्षकों को विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बढ़ाने और विद्यालयों को अधिक आकर्षक एवं अनुशासित बनाने के व्यावहारिक तरीके भी बताए।
उपायुक्त ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में नई सोच और बेहतर कार्यशैली के साथ सकारात्मक बदलाव लाएंगे। इससे विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ, आनंददायक और प्रेरणादायक शिक्षण वातावरण मिलेगा तथा सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक मजबूती मिलेगी।
जिला प्रशासन का मानना है कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के कौशल विकास के साथ-साथ विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लक्ष्य को साकार करने में सहायक होंगे।
















