धनबाद: धनबाद थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित चाइना मार्केट में एक कॉस्मेटिक दुकान से चोरी के आरोप में दो महिलाओं को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। दुकान संचालक और कर्मचारियों ने दोनों महिलाओं को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
दुकान संचालक विकी कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी दुकान से लगातार कॉस्मेटिक सामान गायब हो रहा था। संदेह होने पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई, जिसमें दो महिलाएं कथित रूप से सामान चोरी करती हुई दिखाई दीं।
रविवार को जब दोनों महिलाएं दोबारा दुकान पर पहुंचीं तो पहले से सतर्क दुकानदार और कर्मचारियों ने उन पर नजर रखी। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने सामान चोरी करने का प्रयास किया, उन्हें मौके पर पकड़ लिया गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
दुकानदार ने पुलिस को पहले की चोरी की घटनाओं से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए हैं। पुलिस अब फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी महिलाएं किसी संगठित चोरी गिरोह से जुड़ी हैं या नहीं।
पुलिस ने दोनों महिलाओं से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















