धनबाद: जिले के गोंदूडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत खेरकाबाद स्थित हिलटॉप-800 सिंह के समीप रविवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान झरिया के बस्ताकोला निवासी उमेश यादव (45 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेश यादव गोविंदपुर क्षेत्र स्थित एक आटा मिल में कार्यरत थे और व्यापारियों से भुगतान (कलेक्शन) कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही उमेश यादव सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही गोंदूडीह ओपी पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस लूटपाट, आपसी रंजिश, कलेक्शन की राशि और व्यावसायिक विवाद समेत विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने धनबाद की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उमेश यादव के असामयिक निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल दें।
















