धनबाद/झरिया: सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन को लेकर धनबाद परिवहन विभाग ने झरिया क्षेत्र में विशेष अभियान चलाते हुए 19 ओवरलोड हाईवा पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान कई वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक लोड और आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान विभिन्न लोडिंग स्थलों पर वाहनों का निरीक्षण किया गया। जांच में कई हाईवा ओवरलोड पाए गए, जबकि कुछ वाहनों में आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा संबंधी मानकों का भी पालन नहीं किया गया था।
नियमों के उल्लंघन के आरोप में सभी संबंधित वाहनों को जब्त कर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन संचालकों ने आपत्ति भी जताई, जबकि परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
परिवहन विभाग ने कहा कि क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहन सड़क दुर्घटनाओं और सड़क क्षति का कारण बनते हैं। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















