धनबाद: त्योहारी सीजन में खुदरा पैसों की कमी दूर करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और बैंक मोड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ने संयुक्त रूप से सिक्का वितरण शिविर आयोजित किया। बैंक मोड़ चैंबर भवन में आयोजित शिविर में करीब 175 व्यापारियों के बीच ₹8 लाख मूल्य के ₹2, ₹5, ₹10 और ₹20 के सिक्के वितरित किए गए।
SBI के एजीएम कमलेश मंडल ने कहा कि व्यापारियों की जरूरत के अनुसार सिक्के उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। वहीं, चैंबर अध्यक्ष प्रमोद गोयल और सचिव लोकेश अग्रवाल ने कहा कि त्योहारी सीजन में छुट्टे पैसों की कमी से कारोबार प्रभावित न हो, इसी उद्देश्य से यह पहल की गई है।
आयोजकों के अनुसार, इस व्यवस्था से दुकानदारों और ग्राहकों को लेन-देन में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में SBI के अधिकारी, चैंबर पदाधिकारी और कई व्यापारी मौजूद रहे।
















