धनबाद: महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक एवं भारत के पूर्व उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि सोमवार को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए आदर्शों एवं सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबू जगजीवन राम सेवा समिति के अध्यक्ष निलूकांत सिन्हा ने की। समिति के सचिव राजू प्रसाद हाड़ी ने स्वागत भाषण दिया, जबकि कार्यक्रम का संचालन मानस रंजन पाल ने किया। अंत में गुड्डू चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सह बाघमारा प्रभारी अवध नारायण प्रसाद उपस्थित रहे। उन्होंने बाबू जगजीवन राम के सामाजिक न्याय, समानता और राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और सेवा की मिसाल है तथा उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
वक्ताओं ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए जीवनभर कार्य किया। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक समतामूलक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में राजदेव राम, जितेंद्र कुमार सिंह, गंगा बाल्मिकी, बृजेश कुमार, संतोष सिंह, मनमोहन सिंह, धर्मेंद्र, मिथुन, रवि पासवान, रंजन यादव सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
















