, ,

धनबाद :तिरंगे की शान में झरिया में निकली भव्य यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर

JP Bharat Shareझरिया: राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम के उत्साह के बीच गुरुवार को झरिया में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। झरिया नगर अध्यक्ष अवधेश साव की अध्यक्षता में आयोजित यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में झरिया विधायक रागिनी सिंह शामिल हुईं। यात्रा में झरिया नगर प्रभारी सुप्रभात कुमार समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता…

JP Bharat Share

झरिया: राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम के उत्साह के बीच गुरुवार को झरिया में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। झरिया नगर अध्यक्ष अवधेश साव की अध्यक्षता में आयोजित यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में झरिया विधायक रागिनी सिंह शामिल हुईं। यात्रा में झरिया नगर प्रभारी सुप्रभात कुमार समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया।

तिरंगा यात्रा लक्ष्मीनिया मोड़ से शुरू होकर इंद्रा चौक, ऊपरकुल्ही होते हुए कतरास मोड़ पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “जय हिंद” के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से झरिया का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।

तिरंगा हमारी आन, बान और शान : रागिनी सिंह

इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह वीर जवानों के शौर्य, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और देशवासियों की एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि झरिया की धरती हमेशा राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़ी रही है। यात्रा में युवाओं, महिलाओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी देश के प्रति उनके प्रेम को दर्शाती है। उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

रागिनी सिंह ने कहा कि तिरंगा किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव है। उन्होंने सभी लोगों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और राष्ट्रहित में एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश

झरिया नगर अध्यक्ष अवधेश साव ने कहा कि तिरंगा यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों में खासा उत्साह रहा। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य लोगों के बीच राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।

वहीं नगर प्रभारी सुप्रभात कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की पहचान और गौरव का प्रतीक है। तिरंगे के सम्मान में निकाली गई यह यात्रा झरिया की जनता के राष्ट्रप्रेम का संदेश देती है।

यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर स्थानीय लोगों ने इसका स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए।

कतरास मोड़ पर हुआ समापन

कतरास मोड़ पर यात्रा के समापन के अवसर पर झरिया नगर महामंत्री संजय वर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और लोगों के उत्साह ने तिरंगा यात्रा को यादगार बना दिया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान झरिया क्षेत्र देशभक्ति के नारों और तिरंगे की छटा से सराबोर नजर आया।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports